📢 कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला सीधी (मध्यप्रदेश)

 

 

 

“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का सफल समापन

15 दिनों में 237 कार्यक्रम, 66,764 नागरिक प्रत्यक्ष रूप से जागरूक, सोशल मीडिया के माध्यम से 17 लाख लोगों तक पहुँचा संदेश

“नशे को कहें ‘ना’, स्वस्थ जीवन को कहें ‘हाँ’”

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का आज जिला सीधी में सफलतापूर्वक समापन किया गया। पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अभियान के दौरान जन-जागरूकता, जनभागीदारी और मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रभावी कार्य किए गए।

जन-जागरूकता अभियान बना जनआंदोलन:-

अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 237 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 66,764 नागरिकों को प्रत्यक्ष रूप से जागरूक किया गया। कार्यक्रमों का आयोजन स्कूल, कॉलेज, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, झुग्गी-झोपड़ियों, बस स्टैंड, आंगनवाड़ी केंद्रों, हाट-बाजारों, प्रमुख चौराहों, विभिन्न कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों तथा जिला जेल में किया गया।

इस अभियान में पुलिस अधीक्षक से लेकर आरक्षक स्तर तक लगभग 400 पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से आमजन के बीच पहुँचे और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

विविध माध्यमों से जागरूकता:-
अभियान के अंतर्गत व्याख्यान, जनचौपाल, नुक्कड़ नाटक, रैलियाँ, शपथ ग्रहण, रंगोली, पेंटिंग, हस्ताक्षर एवं सेल्फी अभियान, अधिकारियों की प्रेरक बाइट तथा मूक-बधिर युवाओं को साइन लैंग्वेज के माध्यम से जागरूक करने जैसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। विशेष रूप से ग्रामों और मोहल्लों के मुखियाओं एवं स्थानीय नेतृत्व को अभियान से जोड़कर जनसहभागिता को व्यापक स्वरूप दिया गया।

सोशल मीडिया से 17 लाख लोगों तक पहुँचा संदेश:-

सीधी पुलिस ने सीधी पुलिस के ऑफिशल फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं एक्स (ट्विटर) हैंडल जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों का प्रभावी उपयोग करते हुए अभियान का संदेश लगभग 17 लाख लोगों तक पहुँचाया।

सख्त कानूनी कार्रवाई:-
अभियान के दौरान मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करते हुए 16 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई।

अंतरविभागीय समन्वय रहा अभियान की बड़ी शक्ति
अभियान में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों एवं सचिवों के साथ-साथ स्कूल शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, राजस्व विभाग, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, जेल विभाग, बैंकिंग संस्थानों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं — ब्रह्माकुमारी आश्रम, गायत्री परिवार, वैदेही फाउंडेशन जन कल्याण समिति, गीतांजलि जन कल्याण समिति एवं ग्राम सुधार समिति — का उल्लेखनीय सहयोग प्राप्त हुआ।

अभियान की प्रमुख उपलब्धियाँ 👉 मूक-बधिर युवाओं को साइन लैंग्वेज के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक किया गया।
👉 जिला जेल में निरुद्ध बंदियों एवं जेल स्टाफ के लिए विशेष कार्यशाला एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
👉 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया गया।
👉 आमजन की सहायता एवं सूचना प्राप्त करने हेतु हेल्पलाइन नंबर 7701057502 जारी किया गया।

समापन दिवस पर जिलेभर में हुए कार्यक्रम
अभियान के अंतिम दिन कोतवाली, जमोड़ी, अजाक, महिला थाना, कुसमी, सेमरिया, सिहावल, अमिलिया, मड़वास, बहरी, भुईमाड़, रामपुर नैकिन एवं कमर्जी सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों, ग्राम रक्षा समितियों, व्यापारी संगठनों एवं नागरिकों की सहभागिता से व्यापक जन-जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।

थाना मड़वास अंतर्गत ग्राम भदौरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समापन समारोह में धौहनी विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री कुंवर सिंह टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला और युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में लगभग 500 नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए नशे के विरुद्ध सामूहिक संकल्प लिया।

कोतवाली-जमोड़ी-अजाक संयुक्त कार्यक्रम में समाजसेवी पीएलवी सुरेंद्र शुक्ला द्वारा प्रेरक गीतों के माध्यम से उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति का संदेश दिया गया इस अवसर पर रविशंकर मिश्रा भी उपस्थित रहे। कुसमी एवं मड़वास में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प लिया। बहरी में ग्रामीण स्तर पर नशामुक्ति समितियाँ गठित करने एवं जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी चर्चा की गई।

निष्कर्ष

“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान ने सीधी जिले में नशे के विरुद्ध एक प्रभावी जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण किया। जागरूकता, कानूनी कार्रवाई और अंतरविभागीय समन्वय के त्रिसूत्रीय मॉडल पर आधारित यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचा और नशामुक्ति के प्रति व्यापक सामाजिक चेतना का वातावरण निर्मित हुआ।

सीधी पुलिस की अपील
1. स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करें।
2. अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन अथवा तस्करी की सूचना हेल्पलाइन नंबर 7701057502 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

सीधी पुलिस का संकल्प: जिले को नशामुक्त बनाने हेतु निरंतर जन-जागरूकता एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

keyboard_arrow_up
Skip to content