📢 कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला सीधी (म.प्र.)

प्रेस विज्ञप्ति 🗓️ दिनांक : 11 जून 2026

भावभीनी विदाई समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव को दी गई सम्मानपूर्वक विदाई

जिला पुलिस सीधी द्वारा आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव के स्थानांतरण उपरांत एक गरिमामय एवं भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। श्री श्रीवास्तव का स्थानांतरण पुलिस अधीक्षक एमटीएस, रीवा के पद पर हुआ है।

समारोह में पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी ने श्री श्रीवास्तव के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, प्रशासनिक दक्षता एवं उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यों एवं सौम्य व्यक्तित्व की छाप सदैव सीधी पुलिस परिवार के साथ बनी रहेगी।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा, एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल, डीएसपी अजाक श्री सुजीत कड़वे, जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। समारोह में श्री श्रीवास्तव के साथ उनकी धर्मपत्नी एवं पारिवारिक सदस्य भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री श्रीवास्तव के साथ अपने कार्यानुभव साझा करते हुए उनके सरल, सहयोगात्मक एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व की प्रशंसा की। सभी ने उनके नवीन दायित्व हेतु शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने विदाई संबोधन में श्री अरविंद श्रीवास्तव ने सीधी जिले में मिले सहयोग, स्नेह एवं सम्मान के लिए समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीधी जिले में बिताया गया समय उनके लिए सदैव स्मरणीय रहेगा तथा यहां के सहयोगियों के साथ बने आत्मीय संबंध हमेशा उनके हृदय में रहेंगे।

समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी सहित उपस्थित अधिकारियों द्वारा श्री श्रीवास्तव को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा भावभीनी विदाई दी गई।

सीधी पुलिस परिवार ने श्री अरविंद श्रीवास्तव को उनके नवीन दायित्व हेतु हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 🇮🇳

keyboard_arrow_up
Skip to content