— प्रेस विज्ञप्ति —
‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान को मिला व्यापक जनसमर्थन: सीधी पुलिस ने जिलेभर में चलाया सघन साइबर जागरूकता अभियान
सीधी पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर हजारों नागरिकों को किया गया जागरूक।
पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला सीधी पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी (IPS) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी तथा समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों (SDOP) के पर्यवेक्षण में आज जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विद्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों से अवगत कराना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक बनाना रहा।

*थाना कोतवाली सीधी द्वारा रमाबलदेव पैलेस में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, कार्यक्रम में नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड, यूपीआई धोखाधड़ी एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के उपयोग के बारे में बताया गया।
थाना रामपुर नैकिन द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रामपुर नैकिन में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, सोशल मीडिया सुरक्षा, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए।
थाना अमिलिया द्वारा ग्राम कोदौरा में ग्रामीणों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया गया।
थाना कमर्जी द्वारा ग्राम बरिगमा में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजनाओं, अज्ञात लिंक एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
महिला थाना सीधी द्वारा शासकीय विद्यालय जोगीपुर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर क्राइम, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल सुरक्षा तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जागरूक किया गया।
चौकी खड्डी (थाना रामपुर नैकिन) द्वारा ग्राम बडेसर में ग्रामीणों के बीच साइबर जागरूकता अभियान चलाकर ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं संदिग्ध लिंक से बचाव के संबंध में समझाइश दी गई।
थाना भुईमाड़ द्वारा ग्राम पंचायत गैवटा के देवरी में आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, सोशल मीडिया ठगी एवं फर्जी निवेश योजनाओं से बचाव के उपाय विस्तारपूर्वक बताए गए। साथ ही CyberDost, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देकर साइबर सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए तथा सभी उपस्थितजनों से साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
चौकी सिहावल द्वारा ग्राम बमुरी में ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी एवं संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों से बचाव के संबंध में जागरूक करते हुए सुरक्षित क्लिक एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की सलाह दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अज्ञात कॉल, संदेश, लिंक या क्यूआर कोड पर बिना सत्यापन विश्वास न करें तथा किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी (IPS) का संदेश
“साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता और सतर्कता है। प्रत्येक नागरिक यदि डिजिटल माध्यमों का उपयोग सावधानीपूर्वक करेगा तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देगा, तो साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। सीधी पुलिस ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सुरक्षित डिजिटल वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।”
सीधी पुलिस की अपील
यदि किसी भी व्यक्ति के साथ साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो बिना समय गंवाए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से धोखाधड़ी की गई राशि को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ जाती है।





