प्रेस विज्ञप्ति —
‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का और विस्तार: सीधी पुलिस ने जिले के प्रमुख चौकों, बाजारों, स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया वृहद साइबर जागरूकता अभियान।
पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार आमजन को डिजिटल फ्रॉड से सुरक्षित रखने हेतु जिला सीधी में चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ का दायरा और अधिक व्यापक हो गया है। पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं समस्त अनुभागों के पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों (SDOP) के मार्गदर्शन में जिले के सभी थानों द्वारा इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 26 जून 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत प्रमुख व्यापारिक केंद्रों, अस्पतालों, चौकों, वार्डों और ग्रामीण अंचलों में सघन जागरूकता कार्यक्रमों एवं शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया। अभियान के तहत प्रमुख गतिविधियों का विवरण निम्नानुसार है: 
1. थाना बहरी: ग्राम मयापुर में चौपाल लगाकर दी जानकारी
थाना बहरी पुलिस टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में पहुंच मार्ग बनाते हुए ग्राम मयापुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहाँ पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को इकट्ठा कर वर्तमान में चल रहे विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड जैसे—फर्जी लॉटरी, खाते से अचानक पैसे कट जाना और अनजान लिंक के खतरों के बारे में बेहद सरल भाषा में समझाया तथा उनसे सतर्क रहने की अपील की।
2. थाना अजाक: अर्जुन नगर (वार्ड क्र. 12) में जन-जागरूकता
थाना अजाक पुलिस टीम द्वारा अर्जुन नगर के वार्ड क्रमांक 12 में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के कमजोर वर्गों और स्थानीय नागरिकों को साइबर अपराधियों के तौर-तरीकों जैसे—फर्जी लॉटरी, पीएम योजना के नाम पर ठगी और फर्जी लिंक के खतरों से आगाह किया गया।
3. थाना कोतवाली: व्यस्ततम ‘अस्पताल चौक’ पर विशेष कार्यक्रम
शहर के सबसे व्यस्ततम और संवेदनशील स्थलों में से एक ‘अस्पताल चौक’ पर थाना कोतवाली पुलिस द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ आवागमन करने वाले राहगीरों, मरीजों के परिजनों और स्थानीय दुकानदारों को रोककर साइबर सुरक्षा संबंधी पैम्पलेट बांटे गए और उन्हें डिजिटल बैंकिंग का सुरक्षित उपयोग करने की समझाइश दी गई।
4. थाना मड़वास: मड़वास बाजार में व्यापारियों को किया सतर्क
थाना मड़वास पुलिस द्वारा क्षेत्रीय व्यापारिक केंद्र ‘मड़वास बाजार’ में एक व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने बाजार के व्यापारियों, ग्राहकों और ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि ऑनलाइन व्यापारिक लेनदेन या यूपीआई (UPI) पेमेंट लेते व देते समय किन बातों का ध्यान रखना आवश्यक है, ताकि वे किसी वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार न हों।
5. थाना कुसमी: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दी जानकारी
थाना कुसमी पुलिस टीम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कुसमी में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ अस्पताल स्टाफ, डॉक्टरों के साथ-साथ इलाज के लिए आए मरीजों और उनके तीमारदारों को एकत्रित कर साइबर क्राइम और उससे बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए।
6. थाना भुइमाड़: कियोस्क सेंटर पर पहुंचे नागरिक हुए जागरूक
थाना भुइमाड़ पुलिस द्वारा भुइमाड़ स्थित कियोस्क (ऑनलाइन/कस्टमर सर्विस) सेंटर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ आने वाले उपभोक्ताओं और स्थानीय नागरिकों को ऑनलाइन लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तृत कानूनी व तकनीकी जानकारी दी गई।
7. थाना चुरहट: साइबर सुरक्षा के साथ ‘नशा मुक्त भारत’ का संदेश
थाना चुरहट के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 03 में त्रि-आयामी एकीकृत अभियान चलाया गया। इसके तहत उपस्थित जनसमूह को ‘सेफ क्लिक 2.0’ के अंतर्गत साइबर फ्रॉड के नए तरीकों के प्रति सतर्क किया गया। साथ ही समाज को नशा मुक्त बनाने हेतु ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
8. थाना सेमरिया एवं मझौली: धार्मिक स्थलों और ग्रामीण अंचलों में संवाद
थाना सेमरिया: दोपहर 13:30 बजे सेमरिया मस्जिद परिसर में सामूहिक संवाद कर नमाजियों व स्थानीय नागरिकों को ओटीपी (OTP) या बैंक विवरण साझा न करने की अपील की गई।
थाना मझौली: ग्राम करवाही में ग्रामीण चौपाल लगाकर सीधे सरल शब्दों में साइबर हेल्पलाईन नंबरों की जानकारी दी गई।
थाना कमर्जी: क्षेत्र के प्रसिद्ध स्थल ‘बरगवां कुटी’ पर विशेष जागरूकता शिविर लगाकर श्रद्धालुओं और राहगीरों को जागरूक किया गया।
जिले के सभी थानों और चौकियों में हुआ वृहद आयोजन
उल्लेखनीय है कि उपरोक्त प्रमुख विवरणों के अतिरिक्त भी, सीधी जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले गांवों, हाट-बाजारों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर सक्रिय रूप से चौपालें व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस प्रकार पूरे जिले में एक साथ बड़े पैमाने पर आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर उन्हें डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने की शपथ दिलाई गई।
काउंसलिंग एवं अपील:
पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी ने जिले के समस्त नागरिकों से पुनः अपील की है कि वे किसी भी लुभावने ऑफर, अनजान कॉल या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। सजगता ही साइबर अपराध से बचने का एकमात्र उपाय है। यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार होता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराए।





