प्रेस विज्ञप्ति

​पुलिस मुख्यालय का ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान: सीधी जिले में बड़े पैमाने पर साइबर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन।

​पुलिस मुख्यालय द्वारा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति सचेत करने और डिजिटल सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत जिला सीधी में व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं समस्त अनुभागों के पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है।
​इसी क्रम में आज दिनांक 25 जून 2026 को जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रमों और शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया, जिसका विवरण निम्नानुसार है:
पुलिस अधीक्षक महोदय की उपस्थिति में थाना जमोड़ी में बृहद कार्यक्रम संपन्न
थाना जमोड़ी (मुख्य कार्यक्रम): “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत क्राइस्ट ज्योति स्कूल में विद्यार्थियों के लिए एक वृहद साइबर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस विद्यालयीन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सीधी, श्री संतोष कोरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। एसपी महोदय ने छात्र-छात्राओं को सीधे संबोधित करते हुए आधुनिक युग में मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया के उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, पहचान की चोरी (आइडेंटिटी थेफ्ट), अनजाने लिंक पर क्लिक करने के खतरों और सोशल मीडिया प्राइवेसी सेटिंग्स के बारे में छात्र-अनुकूल भाषा में समझाया। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को प्रेरित किया कि वे तकनीक का उपयोग अपनी शिक्षा और ज्ञानवर्धन के लिए करें, न कि किसी झांसे में आने के लिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्हें कार्यक्रम के अंत में साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल अनुशासन की शपथ दिलाई गई।
​अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
​थाना मड़वास: शासकीय उत्कर्ष विद्यालय टिकरी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को सुरक्षित इंटरनेट और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
​चौकी खड्डी (थाना रामपुर नैकिन): शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चकड़ोर में छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के संबंध में शपथ दिलाई गई।
​थाना भुईमाड़: पुलिस टीम द्वारा शासकीय हाई स्कूल केसलार में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
​थाना कुसमी: शासकीय महाविद्यालय में परीक्षा देने आए छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के संबंध में जागरूक किया गया एवं साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
​थाना अमिलिया: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमिलिया में पुलिस टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम किया गया।
​थाना मझौली: आज दिनांक 25.06.2026 को उमरिया स्कूल में “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत विशेष सत्र का आयोजन किया गया।

​सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर जन-जागरूकता
​थाना कोतवाली एवं थाना अजाक: दोनों थानों की संयुक्त टीम द्वारा पुराना बस स्टैंड पर सेफ क्लिक 2.0 अभियान के अंतर्गत जागरूकता का कार्यक्रम किया गया।
​थाना बहरी: बहरी पुलिस द्वारा लौआ माता मंदिर परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
​कस्बा चुरहट (संयुक्त अभियान): नेहरू तिराहा एवं बस स्टैंड पर उपस्थित जनसमूह को पुलिस मुख्यालय के “सेफ क्लिक 2.0” अभियान, “नशा मुक्त भारत सप्ताह अभियान” एवं “एकीकृत अभियान” के तहत जागरूक किया गया तथा नशा से दूर रहने की समझाइश दी गई।
​इस अभियान के माध्यम से सीधी पुलिस द्वारा नागरिकों को विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड से बचने और सतर्क रहने की अपील की जा रही है, ताकि जिले का हर नागरिक सुरक्षित डिजिटल वातावरण का उपयोग कर सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content