प्रेस विज्ञप्ति

✦ “मैं हूँ अभिमन्यु – 3” विशेष जन-जागरूकता अभियान का सफल समापन

महिला सुरक्षा, समानता और सम्मान की दिशा में जिलेभर में चला ऐतिहासिक अभियान

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द श्रीवास्तव के नेतृत्व में दिनांक 23 सितम्बर 2025 से प्रारंभ हुआ “मैं हूँ अभिमन्यु – 3” विशेष जन-जागरूकता अभियान आज दिनांक 02 अक्टूबर 2025 को गांधी जयंती एवं विजयादशमी के पावन अवसर पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अभियान का व्यापक आयोजन
इस 10 दिवसीय अभियान के अंतर्गत जिलेभर के थाना-चौकियों द्वारा ग्राम पंचायतों, बस स्टैंड, दुर्गा पंडालों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों, स्कूलों एवं कॉलेजों में लगभग 150 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिला एवं बाल सुरक्षा, सामाजिक समानता और सम्मान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर 20 हजार से अधिक नागरिकों तक संदेश पहुँचाया गया।

विशेष गतिविधियाँ एवं सहभागिता
अभियान के दौरान –

* पोस्टर वितरण, नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्म प्रदर्शन
* रंगोली एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता
* स्लोगन लेखन, समूह चर्चा एवं जनसंवाद
* जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के पश्चात छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी दिया गया।
छात्रों को पुलिस विभाग के विभिन्न कार्यों का भ्रमण कराया गया तथा “मैं हूँ अभिमन्यु” अभियान की महत्ता से अवगत कराया गया।

इस अभियान में पुरुष वर्ग की विशेष भागीदारी सुनिश्चित की गई। प्रतिभागियों को “मैं हूँ अभिमन्यु” पोस्टर एवं “सहयोग, सम्मान एवं समानता” टैगलाइन वाली टी-शर्ट वितरित कर संदेश को और सशक्त बनाया गया।

अभियान के उद्देश्य
1. पुरुषों में बचपन से ही लैंगिक समानता एवं सम्मान की भावना विकसित करना।
2. महिलाओं के प्रति विशेष सम्मान जाग्रत कर अपराधों के प्रति संवेदनशील बनाना।
3. शिक्षा एवं संवाद द्वारा अपराधों के दुष्परिणामों की जानकारी देना।
4. बच्चों एवं युवाओं को सकारात्मक मार्गदर्शन प्रदान करना।
5. प्रारंभिक अवस्था से ही सम्मान और आदर का संस्कार स्थापित करना।
6. युवा वर्ग को महिला अधिकारों और स्वतंत्रता के प्रति जागरूक बनाना।
7. आधुनिक तकनीक एवं शिक्षा के माध्यम से सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना।

समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कहा –
“‘मैं हूँ अभिमन्यु’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज को बदलने का सशक्त प्रयास है। महिला और बालिकाओं की सुरक्षा तभी संभव है जब पुरुष वर्ग अपनी जिम्मेदारी समझे और समानता व सम्मान की भावना को जीवन में उतारे। इस अभियान का संदेश है कि हर बच्चा, हर युवा और हर नागरिक समाज में समान अवसर और सुरक्षा का हकदार है। सीधी पुलिस इस दिशा में सदैव तत्पर और प्रतिबद्ध है।”

keyboard_arrow_up
Skip to content