प्रेस विज्ञप्ति
‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत नुक्कड़ नाटकों से गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, सीधी पुलिस ने अभिनय के माध्यम से आमजन को किया जागरूक
पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला सीधी पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी (IPS) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी तथा समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों (SDOP) के पर्यवेक्षण में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली एवं थाना यातायात द्वारा संयुक्त रूप से पुराना बस स्टैंड, सीधी में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी, ओटीपी साझा करने के खतरे, क्यूआर कोड एवं यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी तथा फर्जी निवेश योजनाओं जैसे साइबर अपराधों को सहज एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि सतर्कता एवं समय पर शिकायत ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

इसी क्रम में थाना बहरी द्वारा बहरी कस्बे तथा थाना अमिलिया द्वारा अमिलिया बाजार में भी नुक्कड़ नाटक आयोजित कर स्थानीय नागरिकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों से अवगत कराया गया। कार्यक्रमों में उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, क्यूआर कोड अथवा लालच देने वाले ऑनलाइन प्रस्ताव पर विश्वास न करें। किसी भी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
सीधी पुलिस का मानना है कि नुक्कड़ नाटक जैसे जनसंचार के प्रभावी माध्यमों से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक सहजता से आमजन तक पहुंचता है। इसी उद्देश्य से ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के अंतर्गत जिलेभर में इस प्रकार की जनजागरूकता गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाकर साइबर अपराधों से स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सके।





